महाकाल की नगरी 101 जगह पर भाजपा का धरना, एक ही मांग 

मंदिर का रास्ता रोक जारी है सीएए का धरना, खुलवाने के लिए अड़ी भाजपा



उज्जैन. महाशिवरात्री के एक दिन पूर्व शहर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा १०१ स्थानों पर धरना प्रदर्शन किया गया। यह विरोध महाकाल मंदिर के रास्ते में सीएए कानून के विरोध में जारी मुस्लिम समाज धरना कार्यक्रम के लिए था। इस कार्यक्रम के चलते महाकाल मंदिर का मुख्य मार्ग अवरुद्ध है। बता दे कि शिवरात्रि के पर्व पर करीब दो से ढाई लाख लोगों का दर्शन के लिए पहुंचने का अनुमान है। 
महाकाल मंदिर के लिए जाने वाले मुख्य मार्ग बेगमबाग पर सीएए कानून के विरोध में पिछले कई दिनों से धरना प्रदर्शन जारी है। भाजपा कार्यकर्ता द्वारा उक्त मार्ग को खुलवाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए एक सर्व समाज की रैली निकली। इसके बाद बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। इसी दौरान बीजपी ने १०१ स्थानों पर सड़क जाम का निर्णय लिया, लेकिन इस जाम से शहर के भक्तों को ही परेशानी होती। इसलिए भाजपा ने अपने फैसले को बदलते हुए जाम की धरना प्रदर्शन का आयोजन किया। 



भाजपा के संभागीय मीडिया प्रभारी सचिन सक्सैना ने बताया कि शिवरात्रि के पर्व के दौरान मंदिर का रास्ता रोकना अनुचित है। यह धार्मिक सौहार्द को बिगाडऩे की कोशिश है। प्रशासन को भक्तों की समस्या की तरफ ध्यान देना चाहिए और मार्ग खुलवाना चाहिए। सभी १०१ स्थानों पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर अपनी मांग रखी गई। इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया, जिलाध्यक्ष विवेक जोशी सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।